नयी दिल्ली , जनवरी 30 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में शुक्रवार को चावल के औसत भाव बढ़ गये। चावल के साथ गेहूं भी महंगा हुआ। वहीं, चीनी की कीमतों में टिकाव रहा जबकि दालों और खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत पांच रुपये बढ़कर 3,841 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं 10 रुपये चढ़कर 2,862 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटा भी तीन रुपये प्रति क्विंटल मजबूत हुआ।
दाल-दलहनों में तुअर दाल की औसत कीमत 21 रुपये बढ़ गयी। मूंग दाल 13 रुपये मजबूत हुई। चना दाल में 10 रुपये और मसूर दाल में नौ रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट दर्ज की गयी। उड़द दाल की कीमत पिछले कारोबारी दिवस के स्तर पर ही पड़ी रही।
विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का अप्रैल वायदा 88 रिंगिट फिसलकर 4,229 रिंगिट प्रति टन रहा गया। अमेरिकी सोया तेल का मार्च वायदा 0.83 प्रतिशत टूटकर 53.58 सेंट प्रति पौंड बोला गया।
स्थानीय बाजारों में सूरजमुखी तेल औसतन 43 रुपये प्रति क्विंटल महंगा हुआ। पाम ऑयल की कीमत 33 रुपये और सरसों तेल की 22 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ी। सोया तेल नौ रुपये और मूंगफली तेल दो रुपये महंगा हुआ।
मीठे के बाजार में आज गुड़ के औसत भाव 25 रुपये प्रति क्विंटल कम हुए। चीनी गत दिवस के स्तर पर ही टिकी रही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित