नयी दिल्ली , अक्टूबर 21 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल, गेहूं और दालों के दाम गिर गए। चीनी के भाव में टिकाव रहा जबकि खाद्य तेलों में घट-बढ़ देखी गई।

मीठे के थोक बाजार में चीनी की औसत कीमत 5,418 रुपये प्रति क्विंटल पर लगभग स्थिर रही। वहीं, गुड़ 80 रुपये सस्ता हुआ और 5,928 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। खुदरा बाजार में चीनी की औसत कीमत 24 पैसे घटकर 58.24 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही।

औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 71 रुपये घटकर 4,234 रुपये प्रति क्विंटल रह गई। गेहूं 25 रुपये सस्ता हुआ और 2,902 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे का भाव भी 40 रुपये टूट गया।

दाल-दलहनों में उड़द दाल की औसत कीमत 104 रुपये प्रति क्विंटल टूट गई। मूंग दाल 95 रुपये और मसूर दाल 69 रुपये सस्ती हुई। तुअर दाल 55 रुपये और चना दाल 40 रुपये प्रति क्विंटल की गिरावट में रही। मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज पाम ऑयल का दिसंबर वायदा 11 रिंगिट फिसलकर 4,756 रिंगिट प्रति टन पर रहा। दिसंबर का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 1.15 प्रतिशत गिरकर 65.96 सेंट प्रति पौंड बोला गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित