नयी दिल्ली , अप्रैल 20 -- घरेलू थोक जिंस बाजारों में सोमवार को चावल का औसत भाव बढ़ गया। चावल के साथ गेहूं, चीनी और दालों में भी तेजी रही। खाद्य तेलों में उतार-चढ़ाव का रुख देखा गया।
औसत दर्जे के चावल की औसत कीमत 71 रुपये बढ़कर 3,844 रुपये प्रति क्विंटल पर पहुंच गयी। गेहूं भी छह रुपये महंगा हुआ और 2,780 रुपये प्रति क्विंटल बोला गया। आटे की कीमत 23 रुपये गिर गयी।
दाल-दलहनों में तेजी रही। तुअर दाल की औसत कीमत 130 रुपये प्रति क्विंटल बढ़ गयी। चना दाल 128 रुपये और मसूर दाल 116 रुपये महंगी हुई। मूंग दाल में 65 रुपये और उड़द दाल में पांच रुपये प्रति क्विंटल की तेजी रही।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में जुलाई का पाम ऑयल वायदा 47 रिंगिट चढ़कर 4,497 रिंगिट प्रति टन पर पहुंच गया। जुलाई का अमेरिकी सोया तेल वायदा भी 0.77 प्रतिशत की मजबूती के साथ 68.43 सेंट प्रति पौंड के भाव बोला गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित