चंडीगढ़ , फरवरी 17 -- हरियाणा सरकार ने विकास कार्यों में तेजी लाते हुए 40 से अधिक विभागों की विभिन्न खरीद प्रक्रियाओं को अंतिम रूप दे दिया है। यह निर्णय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में आयोजित उच्चाधिकार प्राप्त खरीद समिति की बैठक में लिया गया। बैठक में विद्युत जन स्वास्थ्य लोक निर्माण सिंचाई, परिवहन और सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई विभागों की परियोजनाओं को मंजूरी दी गयी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सभी परियोजनाएं तय समयसीमा में और गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरी हों।

उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक धनराशि का सदुपयोग सुनिश्चित किया जायेगा। पेयजल क्षेत्र में पलवल में अमृत-2 योजना के तहत लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से दो रेनी कुओं और एक बूस्टिंग स्टेशन के निर्माण को मंजूरी दी गयी। महेंद्रगढ़ के सिरोही बहाली में 53.47 करोड़ रुपये की लागत से छह एमएलडी जल संयंत्र तथा रेवाड़ी में 27 करोड़ रुपये से कच्चे जल भंडारण टैंक का निर्माण होगा। सड़क एवं भवन निर्माण के तहत झज्जर और तोहाना की प्रमुख सड़कों को मजबूत किया जाएगा। गुरुग्राम में सरकारी महिला महाविद्यालय में शैक्षणिक ब्लॉक और फतेहाबाद में उत्पाद शुल्क भवन का निर्माण होगा।

शहरी परिवहन को बढ़ावा देते हुए फरीदाबाद और गुरुग्राम में 200 इलेक्ट्रिक बसें उपलब्ध करायी जाएंगी। ऊर्जा क्षेत्र में कई नए सबस्टेशनों की स्थापना तथा उपकरणों की खरीद को भी मंजूरी दी गयी है, जिससे बिजली आपूर्ति और आधारभूत ढांचा मजबूत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित