मुंबई , अगस्त 28 -- महाराष्ट्र में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रायगढ़ में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के अपर आयुक्त, एक सीजीएसटी अधीक्षक और एक बिचौलिए को 40 लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायगढ़ सीजीएसटी के अपर आयुक्त व 2009 बैच के आईआरएस अधिकारी विनय कुमार कांतिथी, सीजीएसटी अधीक्षक राकेश कुमार सिन्हा और बिचौलिए नरेंद्र राजपूत के रूप में हुई है।

एजेंसी के अनुसार, एक पत्थर खदान फर्म से जुड़े जीएसटी और रॉयल्टी के मामले को निपटाने के एवज में शिकायतकर्ता से पहले डेढ़ करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गयी थी। बाद में बातचीत के जरिए सौदा 40 लाख रुपये में तय हुआ। रिश्वत की राशि वसूलने के लिए अधिकारियों ने नरेंद्र राजपूत को भेजा था।

सीबीआई ने बिछाये गए जाल के तहत राजपूत को शिकायतकर्ता से 40 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और जांच के दौरान आरोपी अधिकारियों ने भी रिश्वत स्वीकार करने की बात स्वीकार की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित