नोएडा , जुलाई 20 -- उत्तर प्रदेश में नोएडा सेक्टर-20 थाना पुलिस ने चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए 12 वर्षों से परिवार के साथ काम कर रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए नौ लाख रुपये नकद शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा आरोपी के पास से एक अवैध चाकू भी बरामद हुआ है, जिसके आधार पर उसके खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सोमवार को जानकारी दी कि, सेक्टर-20 थाना पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए आरोपी कपिल पुत्र सत्यभान को लाल पैथ लैब के सामने स्थित पार्क से गिरफ्तार किया। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी की पूरी 9 लाख रुपये की नकदी तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि घटना 18 जुलाई की है। अलीगढ़ निवासी पीड़ित अपने परिवार के साथ नोएडा के एक मॉल में शॉपिंग करने आए थे। इसी दौरान उनके साथ वर्षों से चालक के रूप में कार्यरत कपिल ने कार में रखा नौ लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया और फरार हो गया।
पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपी तक पहुंच गई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी कपिल ने बताया कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से पीड़ित के यहां चालक की नौकरी कर रहा था। कार में इतनी बड़ी रकम देखकर उसके मन में लालच आ गया और उसने मौका मिलते ही पैसों से भरा बैग चोरी कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कपिल (34) पुत्र सत्यभान, निवासी ग्राम नादा वाजिदपुर, थाना रोरावर, जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है और वह पांचवीं कक्षा तक शिक्षित है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। स्थानीय इंटेलिजेंस, इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और त्वरित कार्रवाई के चलते पुलिस ने महज दो दिनों के भीतर न केवल आरोपी को गिरफ्तार किया, बल्कि चोरी की पूरी रकम भी बरामद कर ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित