देहरादून , जून 23 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को एक सिटी बस के अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर काम की तलाश में बैठे मजदूरों पर चढ़ गई जिससे एक मजदूर की मृत्यु हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गये।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह कोतवाली पटेलनगर पर 112 पुलिस कन्ट्रोल रुम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि लालपुल के निकट सिटी बस द्वारा एक्सीडेंट कर दिया गया है। सूचना पर पहुंचे पुलिस बल को ज्ञात हुआ कि बस अनियंत्रित होकर फुटपाथ पर चढ गयी, जिससे फुटपाथ पर बैठे चार-पांच मजदूर बस की चपेट में आने से गम्भीर रूप से घायल हो गये।
बताया जाता है कि बस के चालक की तबीयत अचानक खराब होने के कारण यह घटना घटित हुई। पुलिस ने स्थानीय जनता की मदद से दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए महन्त इन्द्रेश अस्पताल पहुँचाया। जहां इलाज के दौरान घायल आहद (22) पुत्र शान निवासी राजीवनगर चमनपुर पटेलनगर देहरादून की मृत्यु हो गयी। जबकि अन्य घायल रतन कुमार (45) पुत्र देवनाथ निवासी बलिया (उत्तर प्रदेश) , संजीत (32) पुत्र बेचू साहनी निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार , सुखराज साहनी (59) पुत्र सरोवर साहनी निवासी ग्राम बिसौल, दरभंगा, बिहार हाल निवासी बागड़ियों वाली गली संजय कॉलोनी पटेल नगर और मानसिंह पुत्र नामालूम निवासी नामालूम अस्पताल में उपचाराधीन है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित