उज्जैन , अक्टूबर 16 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले में लोकायुक्त पुलिस ने माकड़ोन कृषि उपज मंडी के उप निरीक्षक आर्य और आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को चार हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

लोकायुक्त के उप पुलिस अधीक्षक राजेश पाठक के अनुसार, रूपाखेड़ी गांव के मंडी व्यापारी योगेश राठौर ने 14 अक्टूबर को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार दीक्षित से शिकायत की थी। व्यापारी का आरोप था कि वह माकड़ोन मंडी से सोयाबीन खरीदता है और उप निरीक्षक आर्य प्रत्येक बोरी पर 10 रुपये रिश्वत मांगते हैं। राशि नहीं देने पर सोयाबीन से भरे वाहन को मंडी से बाहर नहीं जाने देने की धमकी दी जाती थी, जबकि व्यापारी मंडी शुल्क भी जमा करता है।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने शुक्रवार को कार्रवाई की। आरोप है कि उप निरीक्षक आर्य ने चार हजार रुपये लेने के बाद राशि अपने साथी आउटसोर्स कर्मचारी संतोष भाटी को दे दी। टीम ने दोनों को मंडी परिसर में पकड़कर रिश्वत की राशि बरामद कर ली। दोनों के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित