मुरैना , अक्टूबर 03 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले की कोतवाली थाना पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे चार हजार रुपये के इनामी शातिर चोर राजा खां को राजस्थान के धौलपुर जिले से गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी राजा खां निवासी विप्रपुर, धौलपुर के खिलाफ कोतवाली थाने में चोरी और नकबजनी के मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 331(4) और 305(ए) के तहत प्रकरण दर्ज था। मुरैना पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने उसकी गिरफ्तारी पर चार हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धौलपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पूछताछ में चोरी की अन्य वारदातों और उसके साथियों के संबंध में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित