चंडीगढ़ , सितंबर 20 -- चंडीगढ़ में सड़क सुरक्षा नशा मुक्त भारत अभियान पर्यावरण संरक्षण और विश्व शांति दिवस के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3080 के सहयोग से सुखना लेक पर साइक्लोथॉन आयोजित किया। इसमें 400 से अधिक साइकिलिस्ट शामिल हुए।

पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में आईजी पुष्पेंद्र कुमार और एसएसपी (सिक्योरिटी एवं ट्रैफिक) सुमेर प्रताप सिंह का मार्गदर्शन रहा। कार्यक्रम की शुरुआत डांस और जुंबा वार्मअप से हुई। इसके बाद साइकिलिस्ट सुखना लेक से रॉक गार्डन, ओल्ड बैरियर चौक और मटका चौक होते हुए सेक्टर-17 प्लाजा पहुंचे।

रोटरी क्लब चंडीगढ़ हॉरिजन और रोटरी क्लब खरड़ हेरिटेज कार्यक्रम के मेजबान क्लब रहे। रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर डॉ. रीटा कालरा मुख्य अतिथि और आईएएस ललित जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

सेक्टर-17 में ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा, आपातकालीन सहायता, पर्यावरण सुरक्षा और गुड समैरिटन कानून के संबंध में लोगों को जागरूक किया। अधिकारियों ने मोटर व्हीकल एक्ट और संबंधित यातायात नियमों की जानकारी भी दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित