जयपुर , जुलाई 20 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में 'भारत का संविधान और भारत का लोकजीवन' की थीम को लेकर आगामी चार से छह दिसंबर को लोकमंथन-2026 का आयोजन किया जायेगा।
राज्य की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में सोमवार को यहां पर्यटन भवन में इस आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। बैठक में आयोजन की तैयारियों, विभिन्न समितियों के गठन और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गयी।
इस अवसर पर श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि लोकमंथन देशभर के लोक कलाकारों, शिल्पकारों, विद्वानों, शोधकर्ताओं और विचारकों को एक साझा मंच उपलब्ध करायेगा। उन्होंने कहा कि यह आयोजन नयी पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और अपनी जड़ों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाने में भी सहायक होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित