डोईवाला , अक्टूबर, 22 -- उत्तराखंड के डोईवाला के कोतवाली क्षेत्र मे वर्ष 2022 में पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में चार साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को देहरादून पुलिस ने पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से गिरफ्तार किया है। जिसका खुलासा गुरुवार को किया गया। डोईवाला पुलिस और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को उसके आवास से दबोचा। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार, डोईवाला निवासी लाखन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर लौटते समय वह बाजार में सब्जी खरीदने के लिए एक ठेली पर रुके थे। इसी दौरान अज्ञात चोर ठेली पर रखा रुपयों से भरा बैग चोरी कर ले गए। मामले में कोतवाली डोईवाला में चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान चोरी की रकम बरामद कर मंजीत ग्वाला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके साथी रवि ग्वाला की भी घटना में संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित