बैतूल , नवम्बर 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित वैष्णवी नगर में मंगलवार को दुर्लभ और जहरीला बंबू पिट वाइपर सांप मिला। करीब ढाई फीट लंबे इस सांप का सर्पमित्र विशाल विश्वकर्मा ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। जिले में इस प्रजाति का सांप करीब चार साल बाद देखा गया है।
जानकारी के अनुसार मजदूर जीवनलाल विश्वकर्मा के घर के बगीचे में सांप दिखाई दिया। परिवार ने इसकी सूचना स्थानीय सर्पमित्र को दी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे विशाल विश्वकर्मा ने सावधानीपूर्वक उसका रेस्क्यू किया। विशेषज्ञों के अनुसार बैतूल में इस प्रजाति का पिछला रेस्क्यू वर्ष 2021-22 में शेख जमाल ने किया था।
बंबू पिट वाइपर सामान्यतः घनी वनस्पति, बांस के झुरमुट, झाड़ियों और पेड़ों पर रहता है। इसका हरा रंग पत्तियों के बीच छिपने में मदद करता है। यह मुख्यतः रात में सक्रिय रहता है और मेंढक, छिपकली सहित छोटे जीवों का शिकार करता है। यह प्रजाति प्रायद्वीपीय भारत के पश्चिमी और पूर्वी घाट के वन क्षेत्रों में पाई जाती है।
विशेषज्ञों के अनुसार इसका काटना चिकित्सीय आपातस्थिति है। इससे तेज दर्द, सूजन, रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया प्रभावित होने और रक्तस्राव जैसी समस्याएं हो सकती हैं। सांप दिखाई देने पर उसे छेड़ने या मारने का प्रयास नहीं करना चाहिए, बल्कि सुरक्षित दूरी बनाकर प्रशिक्षित सर्पमित्र को सूचना देनी चाहिए। काटने की स्थिति में झाड़-फूंक में समय गंवाए बिना तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित