नैनीताल , मार्च 23 -- उत्तराखंड में चार साल पूरे होने पर जश्न मना रही पुष्कर सिंह धामी सरकार से कांग्रेस नेता और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी उपलब्धियों के प्रचार के बजाय प्रदेश की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखे।
एक बयान जारी कर नेता प्रतिपक्ष ने सोमवार को आरोप लगाया कि राज्य की जनता इस समय कई गंभीर समस्याओं से जूझ रही है। महंगाई में लगातार वृद्धि हो रही है, बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं और शिक्षा व्यवस्था कमजोर होती जा रही है। इसके अलावा पहाड़ों से पलायन जारी है, कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं और भ्रष्टाचार के मामलों में वृद्धि देखने को मिल रही है।
उन्होंने भूमिधरी अधिकार, आपदा प्रबंधन और पुनर्वास जैसे मुद्दों पर भी सरकार की कार्यप्रणाली को असंतोषजनक बताया। नेता प्रतिपक्ष ने सरकार से आठ सवालों किये हैं और उन पर जवाब मांगे हैं। इनमें महंगाई, रोजगार, स्वास्थ्य और शिक्षा, पलायन, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, आपदा प्रभावित और पुनर्वास तथा संवेदनशील क्षेत्रों के लिए पूर्व चेतावनी तंत्र से जुड़े मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार पारदर्शिता और जवाबदेही में विश्वास रखती है तो उसे बिना देरी किए चार वर्षों के कार्यकाल पर विस्तृत श्वेत पत्र जारी कर सभी सवालों के तथ्यात्मक जवाब देने चाहिए।
नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि प्रदेश की जनता अब केवल घोषणाओं और विज्ञापनों से संतुष्ट नहीं है बल्कि वह जमीनी विकास, ठोस परिणाम और स्पष्ट जवाबदेही चाहती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित