जयपुर , अप्रैल 20 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में एक चार वर्षीय बालिका को जटिल ऑपरेशन के बाद अपने जन्म दिन पर सुनने की शक्ति का अनमोल उपहार मिला हैं।
यह संयोग रहा कि आज के दिन यह जटिल ऑपरेशन हुआ और आज ही बालिका का जन्मदिन भी था, जिससे यह पल परिवार के लिए और भी खास बन गया।
सवाई मान सिंह अस्पताल के कान, नाक एवं गला विभागाध्यक्ष डॉ. पवन सिंघल ने बताया कि बारां निवासी तनिष्का का अस्पताल में सफल कॉक्लियर इम्प्लांट ऑपरेशन किया गया। यह ऑपरेशन मुख्यमंत्री द्वारा संचालित स्वास्थ्य योजना के तहत पूरी तरह निःशुल्क किया गया। इस योजना के तहत जरूरतमंद बच्चों को उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही हैं, जिससे उनके जीवन में बड़ा बदलाव संभव हो रहा है। ऑपरेशन डॉ. सिंघल के नेतृत्व में किया गया।
इस दौरान डॉ. आभा कपूर, डॉ. भवानी और डॉ. अन्वेषा ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। साथ ही निश्चेतन विभागकी प्रोफेसर डॉ. सोनाली बेनीवाल और नर्सिंग स्टाफ मंजु एवं रितु ने भी ऑपरेशन को सफल बनाने में अहम भूमिका निभायी।
डॅा सिंघल ने कहा कि इस सफल ऑपरेशन के बाद तनिष्का अब सुनने की नयी दुनिया में कदम रख सकेगी,जो उसके भविष्य के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।यह घटना न केवल एक परिवार के लिए खुशी का पल है बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में हो रहे सकारात्मक बदलाव का भी प्रतीक है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित