प्रयागराज , नवंबर 10 -- उत्तर प्रदेश में प्रयागराज के लालगोपालगंज कस्बे में चार साल की बच्ची की मौत का रहस्य अभी बरकरार है। पुलिस ने जांच के दौरान 22 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, लेकिन बच्ची केवल एक कैमरे में अपनी मां के साथ फुलझड़ी खरीदते दिखाई दी। इसके बाद वह बाजार की भीड़ में लापता हो गई। किसी अन्य कैमरे में उसकी मौजूदगी नहीं मिली है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। पुलिस के मुताबिक, जबरदस्ती किए जाने के भी कोई संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में बच्ची तालाब तक कैसे पहुंची, यह सवाल अभी अनसुलझा है। पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मामले की जांच कर रही हैं।

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम करीब 6:13 बजे बच्ची अपनी मां के साथ बाजार में थी। इसके बाद वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार दोपहर कस्बे में नगर पंचायत कार्यालय के बगल स्थित तालाब में बच्ची का शव उतराता मिला। सूचना पर पहुंची नवाबगंज पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मामला नवाबगंज थाना क्षेत्र के लालगोपालगंज कस्बे का है। दानियालपुर निवासी जफर अदील टिंबर कारोबारी हैं। रविवार शाम उनकी पत्नी सतूदा बेगम परिवार की अन्य महिलाओं के साथ बाजार गई थीं। उनके साथ चार वर्षीय बेटी तारा भी थी। बाजार में खरीदारी के दौरान बच्ची भीड़ के बीच लापता हो गई। मां के तलाशने के बाद परिवार के अन्य लोग भी पहुंचे और पूरी रात उसकी खोजबीन की गई।

घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बाजार की करीब 22 दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। एक फुटेज में बच्ची अपनी मां के साथ फुलझड़ी खरीदती दिखाई दी, लेकिन इसके बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।

पोस्टमार्टम के बाद बच्ची का शव पहले लालगोपालगंज ले जाया गया। वहां शव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। बच्ची की मौत से स्थानीय लोगों में आक्रोश भी दिखाई दिया। कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समझाकर उन्हें शांत करा दिया। बाद में शव को प्रतापगढ़ जिले के हथिगवां थाना क्षेत्र स्थित उसके पैतृक गांव पूरे नारायणपुर ले जाया गया, जहां देर रात उसे सुपुर्दे खाक कर दिया गया।

एसीपी सोरांव श्यामजीत प्रमिला सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची की मौत डूबने से होने की पुष्टि हुई है। शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले हैं। बच्ची तालाब तक कैसे पहुंची, इसकी जांच की जा रही है। बाजार और आसपास के क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगालने का काम जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित