बुलंदशहर , जून 21 -- उत्तर प्रद्रेश के जनपद बुलंदशहर में अपराध एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना औरंगाबाद पुलिस ने चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 166 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा, चार मोबाइल फोन तथा एक कार बरामद की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने रविवार को बताया कि 21 जून 2026 को थाना औरंगाबाद पुलिस ने लखावटी नहर पुल के पास से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 166 किलो 750 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अतिरिक्त चार मोबाइल फोन तथा एक अर्टिगा कार (संख्या यूपी-14 एसटी-0502) भी बरामद की गई।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान अंकित पुत्र ऊदल सिंह एवं मोहनीश पुत्र महेश बाबू, दोनों निवासी ग्राम अच्छेजा, जनपद गौतमबुद्धनगर, सुनील नौनिया पुत्र अरविन्द कुमार निवासी बहराइचा, खारी, यमुनानगर कमिश्नरेट प्रयागराज तथा राहुल कुमार पुत्र शेषमणि जाटव निवासी राजापुर, मांडा, यमुनानगर कमिश्नरेट प्रयागराज के रूप में हुई है।

इस संबंध में थाना औरंगाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 218/26, धारा 8/20 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर सभी अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित