अल्मोड़ा , मार्च 23 -- उत्तराखंड सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में अल्मोड़ा जिले के मल्ला महल में बहुउद्देशीय शिविर एवं कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने सरकार की उपलब्धियों को ऐतिहासिक बताते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं प्रदान की गईं। साथ ही, कार्यक्रम स्थल पर रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया गया, जिसमें युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। मुख्य विकास अधिकारी रामजीशरण शर्मा ने स्वयं रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।

मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद मेयर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में पिछले चार वर्षों में उत्तराखंड ने विकास, विश्वास और सुशासन का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों को ऐतिहासिक बताया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार ने चार वर्षों में विकास के साथ नई कार्य संस्कृति स्थापित की है। राज्य की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) और प्रति व्यक्ति आय में इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया कि हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं और नकल विरोधी कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के जरिए बड़े पैमाने पर निवेश आकर्षित हुआ है, जिससे औद्योगिक विकास को गति मिली है। इसके साथ ही उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, स्टार्टअप को बढ़ावा और पर्यटन क्षेत्र में रिकॉर्ड वृद्धि को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों बताया।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उप जिलाधिकारी संजय कुमार, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, रवि रौतेला, कुंदन लटवाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित