चंडीगढ़ , मई 04 -- पंजाब की सामाजिक न्याय, अधिकारिता एवं अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ बलजीत कौर ने सोमवार को बताया कि पंजाब अनुसूचित जाति भूमि विकास एवं वित्त निगम द्वारा वर्ष 2022-23 से 2025-26 तक विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए 1,367 व्यक्तियों को 26.68 करोड़ रुपये के ऋण प्रदान किए गए हैं।
डॉ कौर ने कहा कि सरकार के प्रयास केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि लाभार्थियों को योजनाबद्ध और परिणामोन्मुख सहयोग के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने पर केंद्रित हैं। इसी नीति के तहत 1,229 लाभार्थियों को 5.39 करोड़ रुपये की सब्सिडी सहायता प्रदान की गई है, जिससे आर्थिक मजबूती बढ़ी है और परिवारों में नई उम्मीद जगी है।
उन्होंने बताया कि लाभार्थियों को निरंतर मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता और बाजार से जोड़ने जैसी "हैंडहोल्डिंग सहायता" भी दी जा रही है, ताकि दीर्घकालिक सफलता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि एक परिवार की प्रगति अंततः पूरे समाज की प्रगति में योगदान देती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित