भोपाल , सितंबर 29 -- मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा स्वराज संस्थान संचालनालय के अंतर्गत स्थापित अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान, वीरांगना लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय सम्मान, महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान एवं महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान वर्ष 2026-27 के लिए नामांकन आमंत्रित किए गए हैं।
राष्ट्रीय सम्मानों के लिए आवेदन 19 अक्टूबर 2026 तक आयुक्त, स्वराज संस्थान संचालनालय, रविन्द्र भवन परिसर, भोपाल के नाम किया जा सकता है। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद राष्ट्रीय सम्मान स्वतंत्रता संग्राम के आदर्शों, राष्ट्रभक्ति और समाजसेवा की भावना एवं गौरव को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है। वीरांगना लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय सम्मान देश की सुरक्षा एवं कर्तव्य के लिए बलिदान, अदम्य साहस, वीरता, नारी उत्थान और सामाजिक पुनर्जागरण के क्षेत्र में कार्य करने वाली महिला को प्रदान किया जाता है।
महाराजा अग्रसेन राष्ट्रीय सम्मान सामाजिक सद्भाव, सामाजिक समरसता, श्रेष्ठतम उपलब्धियों एवं योगदान के लिए तथा महर्षि वेदव्यास राष्ट्रीय सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में श्रेष्ठतम उपलब्धियों एवं योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। इन राष्ट्रीय सम्मानों के अंतर्गत दो-दो लाख रुपये की सम्मान निधि, प्रशस्ति एवं सम्मान पट्टिका प्रदान की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित