नयी दिल्ली , सितंबर 22 -- चुनाव आयोग ने मंगलवार को बिहार, कर्नाटक, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश की विधान परिषदों की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों से रिक्त होने वाली 28 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव की घोषणा की है।

आयोग के अनुसार चुनाव के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि छह अक्टूबर निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच सात अक्टूबर को होगी और नाम वापस लेने की अंतिम तिथि नौ अक्टूबर रहेगी। संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।

चुनाव आयोग के अनुसार मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 31 अक्टूबर तक संपन्न कर ली जाएगी। आयोग ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू होने की भी जानकारी दी है।

आयोग ने कहा कि चुनाव से संबंधित विस्तृत जानकारी उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव प्रक्रिया के दौरान सभी संबंधित पक्षों को लागू नियमों और आदर्श आचार संहिता का पालन करना होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित