देहरादून , जनवरी 24 -- इस बार चार धाम यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के लिए उत्तराखंड सरकार ने स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों का पृथक कैडर बनाये जाने का निर्णय लिया है।

इस संबंध में उत्तराखंड के स्वास्थ्य मंत्री धन सिंह रावत ने शनिवार को अपने यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक ली। जिसमें उन्होंने अधिकारियों को चार धाम यात्रा के मद्देनजर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिये चिकित्साधिकारियों का पृथक कैडर बनाने के निर्देश दिये।

इस कैडर में विशेषज्ञ चिकित्सकों के आवश्यक पदों को शामिल किया जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री ने इसका प्रस्ताव जल्द कैबिनेट में लाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिये गये हैं।

इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेजों से बॉण्डधारी एमबीबीएस चिकित्सकों के पीजी कोर्स करने के लिये अलग से अध्ययन नीति तैयार करने को कहा गया है, ताकि इन डॉक्टरों के पीजी कोर्स के अध्ययन के दौरान किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हो सके।

पीजी कोर्स करने के लिए जाने वाले डॉक्टरों के गैप को भरने के लिए ढाई सौ डॉक्टरों का एक रिजर्व पूल बनाने का प्रस्ताव कैबिनेट में लाने की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों को विभिन्न श्रेणियों के चिकित्साधिकारियों की डीपीसी आगामी 10 फरवरी तक सम्पन्न करा कर समय पर पदोन्नति का लाभ दिए जाने को कहा गया है ताकि समय पर उन्हें पदोन्नति का लाभ मिल सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित