अररिया , सितंबर 01 -- िहार के अररिया जिले में पुलिस ने विशेष कार्यबल (एसटीएफ) की मदद से मंगलवार की अहले सुबह फारबिसगंज थाना क्षेत्र के हरिपुर वार्ड संख्या 14 में छापेमारी कर हथियार और बम बनाने की सामग्री बरामद की।पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने एसटीएफ के सहयोग से सुबह करीब 3.30 बजे मोहम्मद मुर्शीद और खुर्शीद के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान चार देसी कट्टा, दो खोखा, तीन कारतूस, करीब 300 ग्राम बारूद, शीशे के छोटे-छोटे टुकड़े, करीब 250 ग्राम सुतली, पिलास, रेती और लोहे का पाइप बरामद किया गया।

सूत्रों ने बताया कि छापेमारी के दौरान मुर्शीद पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जबकि उसके भाई खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिली थी कि दोनों के घर पर हथियार और बम बनाने के लिए बारूद, सुतली, शीशे के टुकड़े समेत अन्य सामग्री जमा की गयी है। सूचना के आधार पर एसटीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित