जयपुर , अप्रैल 11 -- राजस्थान की राजधानी जयपुर में अम्बेडकर मैमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान की ओर से चार दिवसीय कार्यक्रम अम्बेडकर- फुले विचार क्रांति महोत्सव 2026 शनिवार से शुरु हुआ।

महात्मा ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर डॉ. अम्बेडकर मैमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान, झालाना डूंगरी, जयपुर में आयोजित इस महोत्सव में शिक्षा, आरक्षण, जातिगत भेदभाव समेत विभिन्न पहलुओं पर मंथन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महात्मा ज्योतिबा फुले, डॉ. बीआर अंबेडकर और महात्मा बुद्ध को पुष्प अर्पित करके किया गया।

उद्घाटन सत्र में सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी जयनारायण शेर ने कहा कि शिक्षा के पाठ्यक्रमों में महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महान लोगों को पर्याप्त स्थान नहीं दिया गया, जिन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में नई क्रांति की शुरुआत की। डॉ. अम्बेडकर मैमोरियल वेलफेयर सोसायटी राजस्थान के अध्यक्ष सत्यवीर सिंह ने कहा कि चार दिन का यह महोत्सव वैचारिक क्रांति की शुरुआत के साथ ही समाज में समानता की राह प्रशस्त करने के लिए किया गया है। यह सामूहिक प्रयासों से संभव हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित