अलवर , जुलाई 28 -- राजस्थान में अलवर में चार दिन तक लगातार तेज धूप और उमस झेलने के बाद मंगलवार को अलवर जिले में मौसम ने करवट ली और दोपहर बाद शहर सहित जिले के कई इलाकों में तेज बारिश हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कहीं अच्छी बारिश हुई तो कहीं हल्की फुहारों ने मौसम को सुहाना बना दिया। बारिश के बाद भी देर शाम तक बादल छाए रहे, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस से कुछ राहत मिली।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार आने वाले दिनों में भी अलवर में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। बीच-बीच में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें होने के आसार हैं।
उधर मानसून की रफ्तार इस बार अब तक सामान्य से कमजोर रहने का असर जिले के जल स्रोतों पर साफ दिखाई दे रहा है। कई छोटे-बड़े बांधों और जलाशयों में अब तक पर्याप्त पानी की आवक नहीं हो सकी है। कई बांध करीब खाली हैं, जबकि हर वर्ष इस समय तक इन जलाशयों में अच्छी जलभराव की स्थिति बन जाती थी।
बांधों में पानी नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटक भी निराश हैं। बारिश की कमी से जल संकट की आशंका भी बढ़ने लगी है। अब जिले के किसानों और आम लोगों की निगाहें आने वाले दिनों की बारिश पर टिकी हैं, ताकि बांधों में पानी की आवक बढ़े, भूजल स्तर सुधरे और गर्मी के साथ संभावित जल संकट से राहत मिल सके।
बारिश के ताजा दौर ने लोगों को राहत जरूर दी है लेकिन जिले के जलाशयों को भरने के लिए अभी लगातार और अच्छी बारिश की जरूरत बरकरार है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित