वाशिंगटन , जुलाई 24 -- चीन, अमेरिका और कनाडा के चार गणितज्ञों को संयुक्त रूप से इस वर्ष का फील्ड्स मेडल प्रदान किया गया है। फील्ड्स मेडल को गणित के क्षेत्र का सर्वोच्च सम्मान माना जाता है।

यह पुरस्कार चीन के दो गणितज्ञों होंग वांग और यू देंग को अमेरिका के जॉन पार्डन और कनाडा के जैकन त्सिमरमैन के साथ संयुक्त रूप से दिया गया है। इसमें विजेताओं को 15,000 कनाडाई डॉलर की राशि प्रदान की जाती है। चीनी मीडिया के अनुसार, ऐसा पहली बार हुआ है, जब दो चीनी नागरिकों ने यह प्रतिष्ठित पुरस्कार जीता है। अमेरिका और फ्रांस में अध्यापन करने वाली सुश्री होंग वांग यह सम्मान पाने वाली दुनिया की केवल तीसरी महिला हैं।

दोनों चीनी गणितज्ञों को उन समस्याओं को हल करने के लिए यह पुरस्कार मिला है, जो एक सदी से भी अधिक समय से गणितज्ञों को उलझा रही थीं। होंग वांग और उनके सहयोगी जोश ज़ाहल ने वर्ष 1917 में जापानी गणितज्ञ सोइची काकेया के पूछे गये एक सवाल का हल निकाला। शिकागो विश्वविद्यालय में गणित के प्रोफेसर यू देंग को वर्ष 1900 में जर्मन गणितज्ञ डेविड हिल्बर्ट द्वारा उठायी गयी 'हिल्बर्ट की छठी समस्या' को हल करने के लिए सम्मानित किया गया। यू देंग ने गैसों के व्यवहार का अध्ययन करके इस समस्या का समाधान खोजा।

गणितज्ञ जॉन पार्डन प्रिंसटन विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र हैं। उन्हें सिंपलेक्टिक ज्यामिति में उनकी उपलब्धियों के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्होंने ग्रोमोव की समस्या को हल किया।

गणितज्ञ जैकब त्सिमरमैन ने 2011 में प्रिंसटन विश्वविद्यालय से गणित में पीएचडी की थी। उन्हें यह सम्मान इसलिए दिया गया, क्योंकि उन्होंने ओ-मिनिमैलिटी सिद्धांत को संख्या ज्यामिति और जटिल बीजगणितीय ज्यामिति के अध्ययन में अधिक उपयोगी और महत्वपूर्ण बनाने में अहम योगदान दिया।फ़ील्ड्स मेडल प्रत्येक चार वर्ष में 40 वर्ष से कम आयु के उत्कृष्ट गणितज्ञों को प्रदान किया जाता है। इसे गणित के क्षेत्र का नोबेल पुरस्कार भी माना जाता है। इस उपलब्धि के बाद चीनी सोशल मीडिया पर यह विषय छाया रहा और देश भर में इसे लेकर काफी उत्साह देखा गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित