बारां , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में बारां जिले के अंता थाना क्षेत्र में एक मकान से करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने दो इनामी कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिराज पारदी और रामदास पारदी (दोनों निवासी जिला गुना (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इस मामले में पहले गिरफ्तार किये गये चार आरोपियों सहित अब तक कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अधीक्षक बारां अभिषेक अंदाशु ने बुधवार को बताया कि छह जुलाई की रात अज्ञात चोर एक मकान से मुख्य गेट और गैलरी का ताला तोड़कर अंदर घुसे और करीब चार क्विंटल वजनी तिजोरी चोरी करके ले गए। तिजोरी में करीब पांच लाख 50 हजार रुपए नकद, सोने की दो चेन, तीन सोने की अंगूठियां और संपत्ति से संबंधित महत्वपूर्ण रजिस्ट्री दस्तावेज रखे थे। इसके अलावा कमरे की अलमारी से सात हजार रुपए नकद भी चोरी कर लिए गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित