हरिद्वार, अप्रैल 25 -- चारधाम यात्रा के मद्देजनर उत्तराखंड के हरिद्वार शहर में सीवरेज कार्यों को लेकर खोदी गयी सड़कों की मरम्मत तेज गति से कराई जा रही है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं द्वारा दिन-रात निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिससे आमजन, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को राहत मिल सके।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों का मरम्मत कार्य हर हाल में पूरा किया जाए। निर्देशों के अनुपालन में गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई द्वारा कार्यों में तेजी लाई गई है।

परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने शनिवार को बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के अंतर्गत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तीव्र गति से जारी है। 24 अप्रैल को एक दिन में कुल 810.5 मीटर निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।

पैकेज-01 के तहत दुधाधारी चौक में 290 मीटर और इंडस्ट्रियल एरिया में 250 मीटर बिटुमिनस रोड, दरबल गली में 17 मीटर टाइल्स रोड तथा गली नंबर-06 में 34.5 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 में कुल 691.5 मीटर कार्य संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित