हरिद्वार , अप्रैल 24 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए कमर कस ली है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटना न्यूनीकरण समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सितंबर तक सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त किया जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि तीर्थ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए राष्ट्रीय राजमार्ग और लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) प्राथमिकता के आधार पर पेचवर्क कार्य पूरा करें। विशेष रूप से भूपतवाला से बहादराबाद चौराहे तक सड़क सुधार कार्य को तत्काल पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने पर जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने तेज रफ्तार, शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरलोडिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही पुलिस और परिवहन विभाग को प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

राष्ट्रीय राजमार्गों पर खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल ठीक करने और आवश्यक स्थानों पर नई लाइटें लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड लगाने और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उन्हें सुधारने पर भी बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने सड़कों पर अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए और कहा कि किसी भी दशा में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित