देहरादून , जून 08 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में चारधाम यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस ने मुठभेड़ में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित बिहार के 15-15 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को घायल होने के बाद गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों पर बिहार में लूट और हत्या का भी मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, रविवार देर रात नटराज चौक क्षेत्र में जांच के दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों आरोपी बैरियर तोड़कर हरिद्वार बाईपास की ओर भाग निकले। पीछा करने पर खाड़ गांव के पास रेलवे लाइन के समीप उनकी मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई।
इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसकी एक गोली पुलिस वाहन के साइड मिरर पर लगी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 22 वर्षीय आमिर और सीतामढ़ी निवासी 24 वर्षीय अनवारूल हक उर्फ अनवर के रूप में हुई है। दोनों ऋषिकेश कोतवाली में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में वांछित थे और उन पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, नकदी तथा घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में अनवारूल हक ने खुलासा किया कि वह और उसके साथी बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट और हत्या की एक वारदात में शामिल रहे हैं। इस मामले में बिहार पुलिस उनकी तलाश कर रही थी। पुलिस से बचने के लिए वे ऋषिकेश आए थे। इसी दौरान भुट्टोवाला क्षेत्र में स्थानीय लोगों से विवाद होने पर उन्होंने फायरिंग कर दो लोगों को घायल कर दिया था।
पुलिस पर जानलेवा हमला करने के आरोप में दोनों के खिलाफ ऋषिकेश कोतवाली में नया मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित