टिहरी , अप्रैल 30 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा और पर्यटन सीजन के मद्देनजर टिहरी गढ़वाल पुलिस ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सख्त अभियान छेड़ दिया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्वेता चौबे के नेतृत्व में बीते 15 दिनों के भीतर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर व्यापक कार्रवाई की गई है। यह जानकारी गुरुवार को एसएसपी श्वेता चौबे ने दी।

जिलेभर में चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने नशे में वाहन चलाने, रैश ड्राइविंग, काली फिल्म (टिंटेड ग्लास), अवैध हूटर के प्रयोग और बिना या दोषपूर्ण नंबर प्लेट जैसे मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल 1582 वाहनों के चालान, 81 वाहन सीज और 40 लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस की कार्रवाई में नशे में वाहन चलाने वालों पर सबसे कड़ा शिकंजा कसा गया। इस श्रेणी में 40 चालान, 38 वाहन सीज और 40 व्यक्तियों की गिरफ्तारी दर्ज की गई। वहीं रैश ड्राइविंग के मामलों में 173 चालान और 19 वाहन सीज किए गए।

इसके अतिरिक्त अवैध हूटर के प्रयोग पर 19 चालान, काली फिल्म लगे वाहनों पर 303 चालान, तथा बिना या दोषपूर्ण नंबर प्लेट वाले 1047 वाहनों के चालान और 24 वाहन सीज किए गए।

एसएसपी ने कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु और पर्यटक जनपद में आते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। नशे में वाहन चलाना और लापरवाही किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी।

उन्होंने आगे कहा, सभी वाहन चालक नियमों का पालन करें, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाएं और पुलिस का सहयोग करें। भविष्य में भी ऐसे अभियानों को लगातार जारी रखा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित