देहरादून , सितम्बर 28 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। बदरीनाथ और गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिये हैं।

बदरीनाथ धाम में अबतक 18.10 लाख तथा गंगोत्री धाम में पहली बार सर्वाधिक 8.41 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं। यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या 7.5 लाख के पार पहुंच चुकी है। जबकि केदारनाथ यात्रा में 15.57 लाख यात्री दर्शन कर चुके हैं।

इस बार की चारधाम यात्रा के कुल यात्रियों की संख्या की दृष्टि से इस यात्रा काल में अब तक 53 लाख 23 हजार 401 श्रद्धालु चार धामों के दर्शन कर चुके हैं। बीते वर्ष इस अवधि में यात्री संख्या लगभग 46 लाख थी। यात्रा में अभी डेढ माह का समय शेष है, जिसमें श्रद्धालुओं की संख्या में बीते वर्षों की अपेक्षा और अधिक वृद्धि होने का अनुमान है। श्री हेमकुंड साहिब की यात्रा को लेकर भी श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है। यहां बीते कई वर्षों की तुलना में पहली बार श्रद्धालुओं की संख्या 03 लाख 52 हजार 765 पहुंच चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित