पौड़ी , जुलाई 21 -- उत्तराखंड में खराब मौसम और यात्रा मार्गों पर उत्पन्न परिस्थितियों के मद्देनज़र सोमवार को एहतियातन अस्थायी रूप से स्थगित की गई चारधाम यात्रा को आवश्यक समीक्षा के बाद मंगलवार से पुनः सुचारु रूप से संचालित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्गों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

पौड़ी गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिला प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा मोचन बल तथा संबंधित विभागों के समन्वय से यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की नियमित समीक्षा की जा रही है और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित