ऋषिकेश , मई 08 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक टेंपो ट्रैवलर शुक्रवार सुबह यहां सिंघटाली के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सात श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ऋषिकेश में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी घायलों की हालत सामान्य है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुनानगर, हरियाणा से चारधाम यात्रा के लिए निकला टेंपो ट्रैवलर सुबह सिंघटाली क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान वाहन का टायर अचानक फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और टेंपो ट्रैवलर सड़क किनारे लगे खंभे से जा टकराया। दुर्घटना के समय वाहन में कुल 17 श्रद्धालु सवार थे।

हादसे की सूचना मिलते ही थाना मुनिकीरेती पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया।

थाना मुनिकीरेती के वरिष्ठ उप निरीक्षक योगेश पांडे ने बताया कि दुर्घटना में अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि यात्री प्रदीप शर्मा के कंधे में अपेाकृत अधिक चोट आई है। घायलों में सर्वजीत कौर (55), किरण मिश्रा (54), रविंद्र कुमार (66), मोहित (16), राघव शर्मा (16) और अनु शर्मा (38) सहित अन्य श्रद्धालु शामिल हैं। सभी घायल यमुनानगर, हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। गनीमत रही कि समय रहते राहत कार्य होने से बड़ा हादसा टल गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित