टिहरी, अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को लेकर जनपद में स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क हो गया है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशों के तहत यात्रा मार्गों पर चिकित्सा सुविधाओं को सुदृढ़ और सुव्यवस्थित करने की तैयारी तेज कर दी गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. श्याम विजय ने बुधवार को बताया कि ऋषिकेश से गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बद्रीनाथ समेत सभी प्रमुख तीर्थ मार्गों पर यात्रियों की बढ़ती आवाजाही को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य प्रबंध किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रमुख मार्ग पर चिकित्सा इकाइयों की स्थापना की जा रही है, ताकि आपात स्थिति में यात्रियों को तुरंत उपचार मिल सके।
उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 22 चिकित्सा इकाइयों को प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही पूर्व से तैनात चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जबकि विशेषज्ञ चिकित्सकों के लिए भी अलग से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
डॉ. विजय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी चिकित्सा इकाइयों में पर्याप्त मैनपॉवर, आवश्यक दवाइयों और उपकरणों की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को उपचार में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि गंभीर स्थिति में मरीजों को तत्काल उच्च स्तर पर रेफर कर बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित