हरिद्वार , मई, 02 -- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। हरिद्वार स्थित ऋषिकुल मैदान में बनाए गए यात्री पंजीकरण केंद्र पर शनिवार को बड़ी संख्या में तीर्थयात्री पहुंचे और यात्रा के लिए पंजीकरण कराया।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, आज कुल 4581 यात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण कराया। इनमें विभिन्न धामों के लिए पंजीकरण का विवरण इस प्रकार रहा- यमुनोत्री धाम के लिए 915 यात्री, गंगोत्री धाम के लिए 932 यात्री, केदारनाथ धाम के लिए 1422 यात्री, बद्रीनाथ धाम के लिए 1312 यात्री, जबकि हेमकुंड साहिब के लिए आज कोई पंजीकरण नहीं हुआ।
प्रशासन के अनुसार, ऋषिकुल मैदान स्थित पंजीकरण केंद्र से अब तक कुल 43,259 श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं।
चारधाम यात्रा के शुभारंभ के साथ ही हरिद्वार में तीर्थयात्रियों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। प्रशासन द्वारा पंजीकरण केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित