हरिद्वार , मई, 22 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या को देखते हुए थाना कनखल पुलिस ने शुक्रवार को कनखल चौक बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण और नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया तथा नो पार्किंग जोन में खड़े वाहनों पर चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस को लगातार सूचना मिल रही थी कि कनखल चौक बाजार में बाहर से आने वाले वाहन चालक निर्धारित स्थानों के बजाय नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़े कर रहे हैं। इसके अलावा कई ठेली-रेड़ी संचालक और दुकानदार सड़क तक अपना सामान फैलाकर अतिक्रमण कर रहे थे, जिससे बाजार क्षेत्र में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही थी और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक कनखल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर अभियान चलाया। इस दौरान सड़क पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया तथा ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन की सहायता से नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों को हटाकर उनके चालान किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित