चमोली , मई 27 -- उत्तराखंड के चमोली जिले में चारधाम यात्रा पर आई उत्तर प्रदेश की एक महिला श्रद्धालु की बुधवार को गौचर मेला ग्राउंड में सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा सुबह करीब सात बजे हुआ। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर बस जब्त कर ली है तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजकुमारी (67) पत्नी शशिकांत शर्मा, निवासी ग्राम पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि वह 15 मई को अपने परिवार के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं और ऋषिकेश से बस के माध्यम से यात्रा कर रही थीं।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर वाहन को जब्त कर लिया है। घटना के समय बस में गुजरात के तीर्थयात्री सवार थे। पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित