ऋषिकेश , अप्रैल 25 -- उत्तराखंड के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को चारधाम यात्रा के मद्देनज़र ऋषिकेश स्थित ट्रांजिट कैंप और जांच केंद्र का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मंत्री सतपाल महाराज ऋषिकेश बस टर्मिनल के समीप स्थित सबसे बड़े ट्रांजिट कैंप पहुंचे, जहां उन्होंने पंजीकरण व्यवस्था, स्वास्थ्य जांच और यात्री सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस कंट्रोल रूम में वायरलेस सेट न होने पर उन्होंने नाराजगी जताई और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल को दूरभाष पर निर्देश देते हुए तत्काल वायरलेस सेट स्थापित कराने को कहा।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने यात्री विश्राम शिविरों का भी दौरा किया और श्रद्धालुओं से बातचीत कर व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। यात्रियों ने सरकार द्वारा की गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ यात्रियों की संख्या में तेजी से वृद्धि होगी, इसलिए सभी व्यवस्थाओं को पहले से ही मजबूत बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच, खानपान, स्वच्छता और विश्राम की सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित होती रहें।

उन्होंने यह भी कहा कि चारधाम यात्रा में आने वाले प्रत्येक यात्री को बेहतर सुविधा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित