हरिद्वार, अप्रैल 01 -- उत्तराखंड में आगामी 19 अप्रैल से शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को सुगम,सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी कड़ी में बुधवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि चारधाम यात्रा मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में शामिल है, इसलिए श्रद्धालुओं की सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ऋषिकुल मैदान में बनाए जा रहे यात्री पंजीकरण केंद्र की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। यहां विद्युत, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था तथा पर्याप्त संख्या में पंजीकरण काउंटर संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और महिला यात्रियों की सुविधा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने नगर निगम को साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने, विद्युत विभाग को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, जल संस्थान को पेयजल उपलब्ध कराने तथा परिवहन विभाग को वाहनों की फिटनेस, ग्रीन कार्ड और ट्रिप कार्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सा सुविधाएं सुदृढ़ रखने और पुलिस विभाग को सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया।
इसके अलावा पूर्ति विभाग को डीजल, पेट्रोल व एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी पेट्रोल पंपों पर पेयजल और महिला शौचालय की अनिवार्य व्यवस्था करने पर भी जोर दिया गया। तकनीकी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए इथिक्स इन्फोटेक को निर्देशित किया गया, वहीं स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने यात्रा मार्गों और पंजीकरण केंद्रों पर पर्याप्त साइन बोर्ड लगाने, घाटों पर जल पुलिस की तैनाती और सुरक्षा चेन लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित