ऋषिकेश , मई 23 -- चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारु, पारदर्शी और श्रद्धालु-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से शनिवार को उत्तराखंड के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने ऋषिकेश स्थित चारधाम ट्रांजिट कैंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने पंजीकरण व्यवस्था, यात्री सुविधाओं और कैंप संचालन की व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मोबाइल टीमों के माध्यम से किए जा रहे पंजीकरण कार्य की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देशित किया कि यूएसएस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनसुलभ बनाया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो।
मंत्री ने कहा कि पंजीकरण केंद्रों पर लंबी कतारों में प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को एलईडी स्क्रीन एवं माइक के माध्यम से नियमित रूप से आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराई जाएं। उनका कहना था कि सूचना तंत्र मजबूत होने से भ्रम की स्थिति समाप्त होगी और व्यवस्थाओं का संचालन अधिक सुचारु ढंग से किया जा सकेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित