पानीपत , अप्रैल 15 -- हरियाणा के पानीपत में बुधवार शाम एक घर में गैस सिलेंडर फटने से अचानकआग लग गयी। इस हादसे में कमरे में मौजूद करीब 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर ही जलकर मौत हो गयी, जबकि उसके साथ रह रहा एक अन्य व्यक्ति झुलस गया। विस्फोट इतना जोरदार था कि उसकी आवाजदूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घबरा गये।़घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। कुछ ही देर में पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी पहुंच गयी और स्थिति को काबू में लिया। तब तक हालांकि आग काफी नुकसान कर चुकी थी और बुजुर्ग की जान नहीं बचायी जा सकी।
आग की तीव्रता के कारण कमरे में रखा सारा सामान, जैसे फ्रिज, चारपाई और अन्य घरेलू वस्तुएं पूरी तरह जलकर नष्ट हो गयी। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ जब चाय बनायीजा रही थी। बताया जा रहा है कि संबंधित सिलेंडर घटना से कुछ ही मिनट पहले लाया गया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित