एन'दजामेना , अगस्त 14 -- चाड के राष्ट्रपति महामत इद्रिस डेबी ने देश के प्रमुख विपक्षी नेता और पूर्व प्रधानमंत्री सुक्सेस मसरा को क्षमादान देकर उनकी 20 साल की जेल की सजा पूरी तरह माफ कर दी है।

अफ्रीका न्यूज के अनुसार राष्ट्रपति भवन के एक आधिकारिक आदेश के तहत श्री मसरा के साथ-साथ विपक्ष के आठ अन्य प्रमुख नेताओं को भी इस निर्णय का लाभ मिला है। इस फैसले के बाद देश में लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक तनाव के शांत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

पूर्व प्रधानमंत्री मसरा को देश में हिंसा भड़काने और डिजिटल माध्यमों से नफरत फैलाने के आरोपों में अदालत ने 20 बीस साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। राष्ट्रपति कार्यालय के अध्यादेश के अनुसार नेताओं की जेल की सजा को माफ कर दिया गया है, हालांकि हर्जाने और अन्य दायित्वों से जुड़े प्रावधान लागू रहेंगे।

इस कदम को चाड में राष्ट्रीय मेल-मिलाप की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

श्री मसरा चाड की राजनीति में लोकतंत्र और नागरिक सुधारों की मांग करने वाले सबसे प्रमुख विपक्षी चेहरों में से एक रहे हैं। एक समय उन्होंने देश के प्रधानमंत्री का पद भी संभाला था। इसके बाद मई 2024 में हुए राष्ट्रपति चुनाव में वह श्री डेबी के खिलाफ मुख्य प्रतिद्वंद्वी के रूप में मैदान में उतरे थे और चुनाव में दूसरे स्थान पर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित