बैतूल , मई 1 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में चाचा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी भतीजे को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई भैंसदेही थाना पुलिस द्वारा पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में की गई।

पुलिस के अनुसार 29 अप्रैल 2026 को उप स्वास्थ्य केंद्र भैंसदेही से मर्ग सूचना प्राप्त होने पर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मृतक अनिल डिकारे की पत्नी जसमु डिकारे के बयान के आधार पर आरोपी भतीजा संदीप डिकारे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। थाना भैंसदेही में अपराध क्रमांक 113/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

विवेचना के दौरान प्राप्त पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मृतक की मृत्यु गंभीर चोटों के कारण हुई। घटना के समय मृतक की पत्नी मौके पर मौजूद थी और उसने पूरी घटना देखी, जिससे मामले के खुलासे में महत्वपूर्ण सहायता मिली।

पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए 30 अप्रैल को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि चाचा द्वारा गाली-गलौज किए जाने पर विवाद हुआ और आवेश में आकर उसने मारपीट कर दी, जिससे चाचा की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी (प्रभार) उप निरीक्षक आशीष कुमरे, सहायक उपनिरीक्षक श्रीकांत वर्मा सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित