रायगढ़ , जनवरी 27 -- छत्तीसगढ में रायगढ़ जिले में बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है। महिला थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने नाबालिग लड़की के अपहरण और छेड़छाड़ के गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को आज गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी की पहचान शाकिब खान के रूप में हुई है जो पूरी बगीचा चांदमारी का रहने वाला है। आरोपी पर चाकू दिखाकर नाबालिग को जबरन कार में बैठाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप है।

पीड़िता ने महिला थाना में दर्ज कराए गए लिखित आवेदन में बताया कि आरोपी उसे पूर्व से जानता था और बीते करीब दो वर्षों से लगातार जबरन बातचीत करने, पीछा करने और परेशान करने की हरकतें कर रहा था। वर्ष 2023 में भी आरोपी द्वारा छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया गया था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थी। मामले की जानकारी परिजनों को देने के बाद सुरक्षा के मद्देनज़र पिता स्वयं उसे स्कूल छोड़ने जाने लगे थे।

पीड़िता के अनुसार 26 जनवरी को तबीयत खराब होने के बावजूद वह स्कूल गई थी। गणतंत्र दिवस रैली के दौरान अस्वस्थ होने के कारण वह स्कूल में ही रुकी रही। सुबह करीब नौ बजे अनुमति लेकर घर के लिए निकली, तभी आरोपी शाकिब खान सफेद रंग की ईको कार से पहुंचा। आरोपी ने चाकू जैसे हथियार से डराया-धमकाया और जबरन कार में बैठाकर पहाड़ मंदिर मार्ग की ओर ले गया, जहां गलत नीयत से छेड़छाड़ की। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे आरोपी ने उसे स्कूल के पास गली में छोड़ दिया और घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़िता ने अपने शिक्षक और परिजनों को पूरी बात बताई, जिसके बाद महिला थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के संज्ञान में आते ही तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने त्वरित घेराबंदी कर आरोपी शाकिब खान को गिरफ्तार कर लिया। महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक दीपिका निर्मलकर द्वारा पीड़िता से विस्तृत पूछताछ कराई गई, घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा वीडियो बयान दर्ज किया गया। आरोपी द्वारा इस्तेमाल किये चाकू और ईको कार को जब्त कर लिया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित