बैतूल , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश के बैतूल में सोनाघाटी माता मंदिर के पास हुई चाकूबाजी के मामले में कोतवाली पुलिस ने पांच हजार रुपये के इनामी आरोपी अभिषेक चन्द्रसूर्या को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्कॉर्पियो वाहन और चाकू भी बरामद किया है। मामले में उसका भाई अमन चन्द्रसूर्या अब भी फरार है।

पुलिस के अनुसार 07 जुलाई 2026 की सुबह करीब पांच बजे सोनाघाटी स्थित माता मंदिर के पास पुरानी रंजिश के चलते अभिषेक चन्द्रसूर्या और अमन चन्द्रसूर्या ने फरियादी नरेश उर्फ रिंकू विश्वकर्मा और धनराज विश्वकर्मा पर चाकू से हमला किया था। हमले में धनराज विश्वकर्मा गंभीर रूप से घायल हुए थे और उन्हें जिला अस्पताल बैतूल से भोपाल रेफर किया गया था।

फरियादी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों पर पांच-पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

पुलिस को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर 05 अक्टूबर 2026 को अभिषेक चन्द्रसूर्या (23), निवासी कोठी बाजार, बैतूल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने अपने भाई अमन के साथ वारदात करना स्वीकार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक चित्रा कुमरे और पुलिस टीम की कार्रवाई में भूमिका रही। फरार आरोपी अमन चन्द्रसूर्या की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित