बारां , अप्रैल 29 -- राजस्थान में बारां जिले के कवाई थाना क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बुधवार को बताया कि परिवादी अपने भाई विजय के साथ समाज के विवाह सम्मेलन में शामिल होने मोटरसाइकिल से गया था। समारोह से लौटते समय मेहता मिल के पास तीन चार अज्ञात व्यक्तियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और एक आरोपी ने चाकू से विजय के सिर एवं कंधे पर हमला कर दिया।

उन्होंने बताया कि इस मामले की जांच करते हुए पुलिस दल ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियो में लवकुश (19), विशाल (19 ) और कृष्णमुरारी (22) शामिल हैं।

जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया पर गैंगवार और हथियारों के साथ फोटो एवं रील्स पोस्ट करके आमजन में दहशत फैलाने का प्रयास करते थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित