बैतूल , अप्रैल 14 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में गंज थाना पुलिस ने हमलापुर क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की गंभीर घटना का महज 12 घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार फरियादी प्रेम धुर्व (20) निवासी मेहतर मोहल्ला, कोठी बाजार ने थाना गंज में शिकायत दर्ज कराई थी कि दीपेन्द्र हरोडे, अंशुल झरबड़े और ध्रुव पांडे ने उसे हमलापुर क्षेत्र में बुलाकर जान से मारने की नीयत से हमला किया। घटना के दौरान दीपेन्द्र हरोडे और ध्रुव पांडे ने चाकू से उसके सीने में वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना गंज में अपराध क्रमांक 95/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) और 3(5) के तहत प्रकरण कायम कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी सुनील लाटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

जांच के दौरान मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने हमलापुर क्षेत्र में दबिश देकर तीनों आरोपियों-ध्रुव पांडे (18), दीपेन्द्र हरोडे (25) और अंशुल झरबड़े (24)-को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद ध्रुव पांडे के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया।

तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और युवाओं से हिंसा से दूर रहने की सलाह दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित