मुंबई , मार्च 28 -- महाराष्ट्र राज्य महिला आयोग के अध्यक्ष पद से हटने के एक सप्ताह बादराष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की नेता रूपाली चाकणकर ने पार्टी की महिला इकाई के अध्यक्ष पद से भी इस्तीफा दे दिया है।
सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
सुश्री चाकणकर का इस्तीफा नासिक में स्वयं को संत बताने वाले अशोक खरात की यौन शोषण और दुष्कर्म के आरोपों में हुई गिरफ्तारी और उनके साथ उनकी निकटता दर्शाने वाले कथित चित्रों के सामने आने के बाद आया है।
इस विवाद के कारण मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिन्होंने कथित तौर पर पिछले सप्ताह सुश्री चाकणकर को सरकारी पद से इस्तीफा देने का निर्देश दिया था।
सुश्री चाकणकर ने सामाजिक माध्यम 'एक्स' पर अपने निर्णय की घोषणा करते हुए कहा: "आज सुबह (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री) सुनेत्रा पवार के साथ फोन पर हुई चर्चा के बाद, मैं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की महिला प्रदेश अध्यक्ष के पद से अपना इस्तीफा सौंप रही हूं।"उन्होंने अपना बचाव करते हुए दोहराया कि श्री खरात के कथित वित्तीय लेन-देन या कदाचार से उनका "प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से कोई संबंध नहीं" है। उन्होंने मीडिया में चल रहे आरोपों को "झूठा, असत्य और साक्ष्य विहीन" बताया और कहा कि जारी जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आ जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित