ग्रेटर नोएडा , अगस्त 05 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बीटा दो थाना पुलिस, एसओजी और इकोटेक-प्रथम थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने चांदी व्यापारी से हुई करोड़ों रुपये मूल्य के आभूषण लूटकांड का सफल खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पूरा माल, वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार तथा एक अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की जानकारी साझा करते हुए बताया कि गत रविवार को बीटा-दो थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने एक चांदी व्यापारी से हथियारों के बल पर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया था। घटना के संबंध में व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पांच विशेष टीमों का गठन किया।
गठित पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों, सर्विलांस और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर लगातार कार्रवाई की। इसी क्रम में चार एवं पांच अगस्त की रात बीटा- दो थाना क्षेत्र के एटीएस गोलचक्कर के पास से पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकुर पुत्र जयवीर चौधरी,अमित,पुत्र जयवीर चौधरी,सोहित बंसल पुत्र बृजपाल बंसल,हिमांशु पुत्र स्वर्गीय बृजेश,कमलकांत पुत्र बजरंगलाल के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों द्वारा संगठित गिरोह बनाकर व्यापारियों की रेकी कर लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात से करीब आठ दिन पहले आरोपी कमलकांत ने दिल्ली के चांदनी चौक स्थित चांदी के थोक बाजार में व्यापारियों की गतिविधियों पर नजर रखी। उसने पता लगाया कि एक कार से आभूषण लेकर एक व्यापारी आगरा जाने वाला है।
योजना के तहत सभी आरोपी दो कारों में सवार होकर निकले। एक कार से व्यापारी की कार का पीछा किया गया, जबकि दूसरी कार में बैठे दो आरोपी पहले से तय स्थान ग्राम जुनैदपुर के जंगल में पहुंच गए।
जीरो प्वाइंट से करीब दो किलोमीटर आगे आरोपियों ने दुर्घटना का बहाना बनाकर व्यापारी की कार रुकवाई। इसके बाद तमंचे के बल पर चालक और उसके साथियों को आतंकित कर आभूषणों से भरा बैग लूट लिया। वारदात के बाद सभी आरोपी जुनैदपुर के जंगल में एकत्र हुए और लूटे गए माल के साथ फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया संपूर्ण माल बरामद कर लिया है, जिसमें पांच सोने के हार, दो मंगलसूत्र, 29 पैंडल, 56 महिला अंगूठियां, 34 पुरुष अंगूठियां, 18 लॉकेट, 42 जोड़ी झुमकी (कुल वजन लगभग 635 ग्राम),लगभग 12.138 किलोग्राम सफेद धातु (चांदी) वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की कार एक अवैध .315 बोर तमंचा एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किया है।
मामले में बीटा-दो थाना पर 298/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 309(4), 317(2), 127(2), 61(2) तथा 3/25 आयुध अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह की अन्य गतिविधियों और संभावित आपराधिक मामलों की भी जांच की जा रही है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में व्यापारियों के बीच सुरक्षा का विश्वास बढ़ा है और पुलिस ने संगठित अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित